देहरादून- भक्ति और आस्था के प्रतीक ‘चार धाम यात्रा 2026’ का औपचारिक आगाज़ हो चुका है। उत्तराखंड सरकार ने बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ-साथ सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ताजा अपडेट के अनुसार, कल यानी 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
रजिस्ट्रेशन और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल यात्रा शुरू होने से पहले ही 15 लाख से अधिक श्रद्धालु अपना पंजीकरण करा चुके हैं। चार धाम यात्रा के लिए ‘पर्यटन विभाग उत्तराखंड’ की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। बिना रजिस्ट्रेशन के यात्रियों को ऋषिकेश से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सरकार ने इस बार ‘स्लॉट सिस्टम’ लागू किया है ताकि धामों पर भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
‘ट्रेवल चेकलिस्ट’- पहाड़ों की यात्रा के लिए क्या पहनें और क्या रखें?
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम पल-पल बदलता है। यदि आप भी इस यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो अपनी शॉपिंग लिस्ट में इन जरूरी चीजों को जरूर शामिल करें:
- कपड़े (Clothing)- पहाड़ों की ठंड से बचने के लिए ‘थ्री-लेयर’ फॉर्मूला अपनाएं। इसमें थर्मल वियर, ऊनी स्वेटर और एक अच्छी क्वालिटी की वाटरप्रूफ जैकेट शामिल करें। बारिश से बचने के लिए पोंचो (Poncho) या मजबूत रेनकोट साथ रखें।
- फुटवियर (Footwear)– यात्रा में काफी पैदल चलना पड़ता है, इसलिए अच्छी ग्रिप वाले ‘वॉकिंग’ या ‘हाइकिंग’ शूज ही खरीदें।
- दवाइयां (Medical Kit)- ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी (Altitude Sickness) हो सकती है। अपने साथ कपूर, पेनकिलर्स, बैंड-एड, और सर्दी-खांसी की दवाइयां जरूर रखें।
- गियर (Travel Gear)- एक मजबूत पावर बैंक, टॉर्च, और पहाड़ों में चलने के लिए एक ‘वॉकिंग स्टिक’ शॉपिंग लिस्ट में टॉप पर रखें।
यात्रा पर निकलने से पहले अपनी फिटनेस का ध्यान रखें और पर्याप्त मात्रा में सूखे मेवे व ओआरएस (ORS) के पैकेट साथ रखें। पहाड़ों में प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें ताकि देवभूमि की स्वच्छता बनी रहे।







